एफएमडी टीकाकरण अभियान: मंत्री गिरीश चंद्र यादव व डीएम ने दिखाई हरी झंडी

Share

जौनपुर। पशुधन को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी घातक बीमारी से बचाने के लिए गुरुवार को जनपद जौनपुर में एफएमडी टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव एवं जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने टीकाकरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मा० राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार पशुधन स्वास्थ्य संरक्षण एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। एफएमडी टीकाकरण अभियान पशुओं को गंभीर संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने सभी पशुओं का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण कार्य को पूरी पारदर्शिता, सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाए।

जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि एफएमडी टीकाकरण अभियान 22 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। जनपद जौनपुर को कुल 6,00,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है। अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के 21 विकास खंडों में 43 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी/पशु चिकित्सा अधिकारी, एक पशुधन प्रसार अधिकारी तथा दो से तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी/पैरावेटो को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि एफएमडी रोग एक विषाणु जनित अत्यधिक संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। इस रोग से गोवंश एवं महिषवंश सर्वाधिक प्रभावित होते हैं। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार आना, चारा न खाना, मुंह एवं खुरों में छाले पड़ना शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ०ओ.पी. श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *