डीएम ने ऑर्गेनिक सब्जियां व पनीर उपलब्ध कराए

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र द्वारा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की गई। जिलाधिकारी ने अपने शासकीय आवास पर ऑर्गेनिक विधि से उगाई गई मटर, बैंगन एवं पनीर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ पटेल को उपलब्ध कराया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उक्त पोषक एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री को जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के भोजन में सम्मिलित किया जाए, ताकि छात्राओं को शुद्ध, पौष्टिक एवं संतुलित आहार मिल सके और उनका शारीरिक व मानसिक विकास बेहतर हो।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने ऑर्गेनिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशक मुक्त खेती न केवल पर्यावरण के लिए सुरक्षित है, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन में यदि ऑर्गेनिक उत्पाद शामिल किए जाएं तो इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

डीएम ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि भविष्य में विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और जहां संभव हो, स्थानीय स्तर पर ऑर्गेनिक उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाए। इस पहल से पोषण के साथ-साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *