आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण; 51 महिलाओं को सौंपा गया जिम्मा

Share

जौनपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण एवं नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों/परियोजना कार्यालय के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

इस दौरान जनपद की 51 नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें पुष्पा, सुमन, आंचल, विश्वकर्मा, सविता और बबीता सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने नव नियुक्त सहायिकाओं से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने आंगनबाड़ी व्यवस्था को महिला एवं बाल विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह कुपोषण मुक्ति और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार में अहम भूमिका निभाती है।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध करा रही है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम कड़ी बताया।

मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी नव नियुक्त सहायिकाओं का स्वागत करते हुए उन्हें ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि अजय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *