पीड़ित परिवार के साथ है जिला प्रशासन, जिलाधिकारी ने हर संभव सहायता का दिया भरोसा

Share

भूमि विवादों के समाधान को लेकर जिला प्रशासन का अभियान तेज

जांच हेतु तीन सदस्यीय समिति गठित

जौनपुर। तहसील सदर अंतर्गत थाना बक्शा क्षेत्र के ग्राम उतरीजपुर में आज एक अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना घटित हुई, जिसमें सत्यप्रकाश यादव नामक युवक की दुःखद मृत्यु हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिवारजन से वार्ता करते हुए प्रकरण के संदर्भ में जानकारी ली तथा उन्हें आश्वस्त किया कि शासन द्वारा अनुमन्य समस्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, पारिवारिक लाभ योजना तथा कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान करने की कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। इसके साथ ही मृतक के बच्चों के देखभाल और भविष्य को लेकर जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है जिसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, परियोजना निदेशक डीआरडीए, एसओसी चकबंदी द्वारा तीन दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आता है तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पत्थरगड्डी, भूमि सीमांकन हेतु अभियान चलाकर कार्रवाई करने के प्रयास किया जा रहे हैं अब तक 501 पैमाईश इस माह में किया जा चुका है। अभियान चलाते हुए जमीन संबंधी विवादों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित भी किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भूमि विवादों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खेतों की पैमाइश, मेड़बंदी एवं पत्थरगड़ी का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने बताया कि 5 मई को कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत भूमि संबंधी मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार अभियान संचालित कराया जा रहा है तथा अब तक बड़ी संख्या में प्रकरणों का निस्तारण कराया जा चुका है। जनसुनवाई एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर सात दिवस के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा विवाद का समाधान संवाद एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा भूमि विवाद से जुड़े प्रकरण का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *