जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जौनपुर की ओर से 48वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह 2026-27 के अवसर पर पत्रकारों को भेजे गए आमंत्रण पत्र में प्रयुक्त शब्दावली को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आमंत्रण कार्ड पर हस्तलिखित संदेश में ‘समस्त इलेक्ट्रॉनिक्स एवं प्रिंट मीडिया’ लिखा गया है। वहीं, सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे गए टंकित संदेश में भी ‘इलेक्ट्रॉनिक्स एवं प्रिंट मीडिया के समस्त सम्मानित गण, आप सादर आमंत्रित हैं’ का उल्लेख किया गया है।
इस शब्द प्रयोग को लेकर हिंदी भाषा की शुद्धता के प्रति चिंता जताई गई है। आपत्ति दर्ज कराने वालों का कहना है कि मीडिया के संदर्भ में यहां ‘इलेक्ट्रॉनिक्स’ के स्थान पर ‘इलेक्ट्रॉनिक मीडिया’ शब्द का प्रयोग अधिक उपयुक्त है।
मामले को लेकर यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि जब शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक संदेशों में ही शब्दों के प्रयोग को लेकर ऐसी चूक सामने आती है, तो विद्यार्थियों को शुद्ध भाषा और लेखन की शिक्षा देने की जिम्मेदारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
हालांकि, इस मुद्दे को किसी व्यक्ति विशेष की आलोचना के बजाय हिंदी भाषा की शुद्धता और सरकारी संचार में सावधानी बरतने की आवश्यकता के रूप में देखा जाना चाहिए। शिक्षा विभाग से जारी होने वाले पत्रों और संदेशों में भाषा की शुद्धता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों और समाज के सामने सही भाषा के प्रयोग का उदाहरण प्रस्तुत किया जा सके।












Leave a Reply