जौनपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने कोटेदारों के साथ की बैठक

Share

पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और जनगणना-2027 में सहयोग करने के दिए निर्देश

जौनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रेक्षागृह, जौनपुर में उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह ने विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के कोटेदारों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों, फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया तथा पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी ने सभी कोटेदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे युवक-युवतियों को चिह्नित करें, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा निर्धारित अर्हता के अनुसार मतदाता बनने के पात्र हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कोटेदार आमजन से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए वे अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें। साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में भी सहयोग प्रदान करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदाता सूची में किसी भी व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज न हो तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों और अन्य त्रुटियों को नियमानुसार ठीक कराने में सहयोग किया जाए।

एसडीएम योगिता सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान जनगणना-2027 के संबंध में भी कोटेदारों को जानकारी दी गई। उन्हें जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक और प्रेरित करने की अपील की गई। साथ ही मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित अधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के कोटेदार उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *