जौनपुर। पवित्र श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी के अवसर पर बाबा गणेश दत्त पीजी कॉलेज, स्टीपुर (जौनपुर) परिसर में रामचरितमानस के सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया।
हनुमानजी के दिव्य चरित्र पर आधारित सुंदरकांड के सुमधुर एवं भक्तिमय गायन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित चौपाइयों, दोहों एवं अन्य पदों की मधुर प्रस्तुति से महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक तथा अन्य उपस्थितजन भावविभोर हो उठे।
मनीष पांडेय एवं उनकी संगीत मंडली ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मंडली में हारमोनियम पर नवीन उपाध्याय, तबले पर राजेश उपाध्याय तथा नाल पर अमित दुबे सहित अन्य कलाकारों ने अपनी सशक्त संगत से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की। आधुनिक समय में युवाओं के बीच शास्त्रीय एवं लोक संगीत पर आधारित इस प्रकार का मानस गायन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में लल्लन त्रिपाठी, डॉ. विनय बहादुर यादव, दिग्विजय विश्वकर्मा, अवनीकांत, सुनील यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के व्यवस्था प्रमुख अवधेश चंद्र त्रिपाठी ने मानस गायकों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी आगंतुक अतिथियों, विशेष रूप से राम यादव एवं अन्य उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply