घटतौली और ओवरचार्जिंग पर प्रशासन सख्त, मड़ियाहूँ में कई दुकानदारों पर कार्रवाई

Share

मिठाई में 92 ग्राम तक घटतौली, स्प्राइट की बोतल पर भी मिली ओवरचार्जिंग

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर जनपद में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान जौनपुर द्वारा टीम गठित कर मड़ियाहूँ बाजार में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान चौरसिया मिष्ठान भंडार, सदरगंज मड़ियाहूँ में एक किलो मिठाई पर 76 ग्राम घटतौली पाई गई। वहीं बीकानेर मिष्ठान भंडार, सदरगंज मड़ियाहूँ में एक किलो मिठाई पर 92 ग्राम की घटतौली पकड़ी गई। दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

इसके अलावा विनोद जलपान गृह, सिपाह रेलवे फाटक के समीप जौनपुर में एक लीटर स्प्राइट की बोतल निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने यानी ओवरचार्जिंग पाए जाने पर भी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान धर्मेंद्र कुमार ओमप्रकाश ज्वेलर्स, बनारसी अलंकार मंदिर, हर्ष मोदनवाल, मोहनलाल, गारंटी ज्वेलर्स, सुमित्रा देवी, शाहआलम तथा एमएन ट्रेडर्स जौनपुर के बांट और माप नियमानुसार सत्यापित नहीं पाए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 की संगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

विभाग ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे किसी भी सामान को अंकित मूल्य से अधिक कीमत पर न बेचें तथा अपने बांटों और मापों का समय से सत्यापन एवं मुद्रांकन अवश्य कराएं।

विधिक माप विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आगामी महीनों में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *