संविधान दिवस पर ख्वासपुर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा विकास कार्य का शिलान्यास

Share

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बाबा साहेब को नमन कर संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का किया आह्वान

जौनपुर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, श्री गिरीश चंद्र यादव ने डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत ख्वासपुर, जौनपुर स्थित मूर्ति विकास स्थल पर आयोजित शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों एवं विचारों को अपनाने तथा संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने और उसके मूल आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में सभी ने भारत की संप्रभुता, समाजवादी एवं पंथनिरपेक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता और प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने वाले संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *