लंबित आवेदनों पर बैंकों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण, सीडा क्षेत्र में सीसीटीवी और हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने पर जोर
जौनपुर। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन बैंकों में आवेदन भेजे जाने के बावजूद लंबित हैं और जिनमें अब तक एक भी आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ है, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
सीडा क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी शेष कार्य आगामी बैठक से पहले पूर्ण कराने को कहा। उद्यमियों द्वारा क्षेत्र में खराब हाईमास्ट लाइटों की समस्या उठाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को उनकी मरम्मत कराकर शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अगली बैठक से पूर्व सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दिया गया।
बैठक में गोयंका होंडा, सिपाह के पास कूड़ा डंपिंग की समस्या भी उठाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, त्रिलोचन महादेव मंदिर क्षेत्र में विद्युत ट्रिपिंग और सड़क संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्वच्छ वातावरण बना रहे और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष पाठक, सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।












Leave a Reply